अमृतसर में 2, पठानकोट में 9.5 MM बारिश: आज भी 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

अमृतसर (ब्यूरो) पंजाब में बुधवार शाम को हुई बारिश के बाद एक बार फिर लोगों को गर्मी से राहत मिली है। रात को पंजाब के कई जिलों में बारिश हुई। कल शाम तक पठानकोट में 9.5 MM और अमृतसर में 2 MM बारिश दर्ज की गई। वहीं, आज गुरुवार को पंजाब में तेज हवाओं, तूफान और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
कल शाम अमृतसर और पठानकोट के बाद पटियाला, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब, चंडीगढ़, रूपनगर, एसबीएस नगर और होशियारपुर में भी तेज हवाओं और बारिश की खबर है। जिसके बाद पंजाब के अधिकतम तापमान में भी औसतन 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। आज के बाद शुक्रवार से पंजाब में हालात सामान्य हो जाएंगे। बारिश के चलते तापमान भी सामान्य रहने की उम्मीद है।
23 जून से फिर हीटवेव का अलर्टः दो दिन बारिश व तेज हवाओं के बाद लोगों को 21 व 22 जून को गर्मी से राहत मिलती दिख रही है। लेकिन 23 जून के बाद से एक बार फिर पंजाब में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान से सटे व पश्चिमी मालवा के फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मानसा और बठिंडा में मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
पंजाब के शहरों का तापमानः अमृतसर में कल अधिकतम तापमान 44 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बारिश के बाद आज तापमान 30 से 42 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। जालंधर में कल शाम अधिकतम तापमान 44 डिग्री के करीब रिकॉर्ड किया गया। आज बादल छाए रहेंगे और बारिश की भी संभावना है। आज तापमान 29 से 43 डिग्री के बीच बने रहने का अनुमान है। लुधियाना में कल शाम शहर का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं आज बारिश होने की संभावना है। तापमान 30 से 40 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। पटियाला में कल अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। आज बारिश व तेज हवाओं का अनुमान है। तापमान 30 से 43 डिग्री के बीच बना रह सकता है। मोहाली में कल अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री दर्ज किया गया। आज बारिश व तेज हवाओं का अनुमान है। तापमान 33 से 43 डिग्री के बीच बना रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

you
PHP Code Snippets Powered By : XYZScripts.com