हिमाचल में सैलानियों का हुजूम, रोहतांग के लिए परमिट 28 तक बुक

ज़ीरो लाइन न्यूज़, शिमला। बदलते मौसम के बीच हिमाचल प्रदेश में सैलानियों का हुजूम उमड़ पड़ा है। आलम यह कि पर्यटन स्थल रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा व चंद्रताल में पर्यटकों का मेला लग गया है। शनिवार को इन सभी पर्यटन स्थलों में बर्फ की सफेद चादर से पर्यटकों का स्वागत हुआ। मनाली के मशहूर पर्यटन स्थल रोहतांग में पर्यटकों की भीड़ देखने को मिली। रोहतांग जाने के लिए 28 जून तक के सभी परमिट एडवांस में बुक हो गए हैं।
शनिवार को माता हिडिंबा मंदिर में दिन भर पर्यटकों की भीड़ लगी रही। मनाली के सभी पर्यटन स्थलों में रौनक छाई रही। तीन दिन के भीतर पर्यटन नगरी मनाली में 11 हजार से अधिक पर्यटक वाहनों ने दस्तक दी है। बाहरी राज्यों से बुधवार को 2942, गुरुवार को 3120, शुक्रवार को 3130 व शनिवार को लगभग 3400 पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे।
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों से भी तीन दिन में 15000 से अधिक पर्यटक वाहन मनाली आए। शनिवार को रोहतांग दर्रे में दिन भर पर्यटकों का मेला लगा रहा। सुबह चार से 12 बजे तक मनाली से पर्यटक वाहन रोहतांग रवाना होते रहे।
एसडीएम मनाली रमन शर्मा ने बताया कि रोहतांग के लिए एडवांस में 28 जून तक सभी परमिंट एडवांस में बुक हो गए हैं। दूसरी ओर लाहुल के जिस्पा व सरचू में भी पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ गई है। तीन सौ से अधिक पर्यटक वाहन शिंकुला रवाना हुए जबकि 300 से अधिक पर्यटक वाहनों ने बारालाचा व सरचू का रुख किया। स्पीति की ओर जाने आने वाले अधिकतर पर्यटक चंद्रताल झील के दीदार कर रहे हैं। एसपी लाहुल-स्पीति मयंक चौधरी ने बताया कि जिला के सभी पर्यटन स्थल सैलानियों से पैक हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश देखी जा सकती है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ तूफानी हवाएं चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 28 जून से मौसम बदले के आसार हैं। मौसम विभाग ने 28 और 29 जून को आंधी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

you
PHP Code Snippets Powered By : XYZScripts.com