घाटी में जुलाई की तपिश ने तोड़े रिकॉर्ड, जम्मू संभाग में 25 जुलाई तक बारिश के आसार

जम्मू/श्रीनगर (जीरो लाइन न्यूज) जम्मू के मुकाबले सोमवार को राजधानी श्रीनगर अधिक गर्म रही। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री चढ़कर 35.6, जबकि जम्मू में 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर घाटी में जुलाई की गर्मी ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। कुपवाड़ा में आठ, गुलमर्ग व काजीगुंड में चार और श्रीनगर, पहलगाम, कुपवाड़ा में तीन साल बाद जुलाई में अधिक गर्मी पड़ी है। मैदानी इलाकों में गर्मी के साथ उमस परेशान कर रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में 25 जुलाई तक खासकर रात्रि और तड़के बारिश के आसार हैं। 31 जुलाई तक भी मौसम में उता-चढ़ाव जारी रहेगा। श्रीनगर में 18 जुलाई, 2021 को अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को इससे अधिक पारा रहा।
इसी तरह काजीगुंड में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री चढ़कर 34.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले चार जुलाई 2020 को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री रहा था। पहलगाम में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री चढ़कर 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां इससे पहले 19 जुलाई 2021 को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री रहा था। कुपवाड़ा में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री चढ़कर 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 18 जुलाई 2021 को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा था।
जम्मू में सोमवार सुबह बारिश के बाद दिनभर हल्के बादल छाए रहे। यहां 1.1 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का पारा सामान्य से 2.0 डिग्री ऊपर रहा और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 74 रहने से उमस से कोई राहत नहीं मिल पाई। बनिहाल में अधिकतम तापमान 31.4, बटोत में 28.8, कटड़ा में 32.2, भद्रवाह में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

you
PHP Code Snippets Powered By : XYZScripts.com