आदमपुर से मुंबई की सीधी हवाई सेवा शुरू
जालंधर। मोहन लाल बंगा : पंजाब की हवाई यात्रा को नई ऊंचाई देते हुए आदमपुर (जालंधर) से मुंबई के लिए सीधी हवाई सेवा आरंभ कर दी गई है। यह सेवा दो जुलाई से प्रारंभ हुई, और पहले ही दिन का क्षण पूरे देश के लिए एक भावुक स्मृति बन गया। पहली ही उड़ान को संचालित कर रहे पायलट हरप्रीत सिंह ने जब यात्रियों का स्वागत किया, तो उनकी आवाज़ में गर्व और भावना की झलक साफ दिखाई दी। उन्होंने बताया कि यह दिन उनके लिए बेहद विशेष है क्योंकि इस उड़ान में उनके पिता सुरिंदर पाल सिंह भी उनके साथ यात्री के रूप में सफर कर रहे हैं।
पायलट ने यात्रियों से साझा किया भावुक क्षण : उड़ान से पहले हरप्रीत ने यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा – “आज की यह यात्रा मेरे लिए केवल एक ड्यूटी नहीं है, यह एक सपना पूरा होने जैसा है। मेरे पिता इस विमान में मेरे साथ मौजूद हैं। मैं वर्षों से इस क्षण का इंतज़ार कर रहा था।” उनके इतना कहने पर विमान में बैठे सभी यात्रियों ने तालियों की गूंज से इस भावुक पल को और भी खास बना दिया।
हरप्रीत ने आगे कहा कि उनके नाना का घर भी आदमपुर में है, इसलिए यह उड़ान उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी बहुत मायने रखती है। उन्होंने यात्रियों को धन्यवाद कहा और “जय हिंद” तथा “सत श्री अकाल” के साथ अपनी बात समाप्त की। यात्रियों ने भी उत्साहपूर्वक उनके अभिवादन का उत्तर दिया।
सांसद सतनाम संधू बोले – “ऐतिहासिक निर्णय” : राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने इस सेवा के आरंभ को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह उड़ान केवल एक सेवा नहीं, बल्कि पंजाब के श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग का समाधान है। विशेष रूप से, श्री हजूर साहिब (नांदेड़) जाने वाले बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने केंद्र सरकार की “उड़े देश का आम नागरिक (उड़ान)” योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना से स्पष्ट होता है कि देश के छोटे नगरों को भी हवाई संपर्क से जोड़ने का संकल्प साकार हो रहा है।
उड़ान का समय और विवरण
आदमपुर से मुंबई: दोपहर 3:50 बजे प्रस्थान, शाम 6:30 बजे मुंबई पहुंच
मुंबई से आदमपुर: दोपहर 12:55 बजे प्रस्थान, 3:15 बजे आगमन